पत्नी छोड़ कर गई मायके तो अवैध संबंध के शक में पति ने गाँव के युवक की कर दी हत्या

    पत्नी छोड़ कर गई मायके तो  अवैध संबंध के शक में पति ने गाँव के युवक की कर दी हत्या |When the wife left her parents' home, the husband suspected an illicit relationship and murdered a young man from the village.

    गढ़वा (GARHWA): गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र से सामने आए एक हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है. रोदो गांव निवासी 35 वर्षीय बीरेंद्र कोरवा की निर्मम हत्या कर शव को झाड़ी में छुपा दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

    घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. झाड़ी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई. कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली.

    पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे ओझा-गुणी और अवैध संबंध से जुड़ा शक सामने आया है. पूछताछ में बताया गया कि आरोपियों में से एक की पत्नी कुछ दिनों पहले अपने पति को छोड़कर मायके चली गई थी. इस घटना के लिए मृतक बीरेंद्र कोरवा पर ओझा-गुणी करने और अवैध संबंध का शक जताया जा रहा था. इसी शक में आरोपियों ने मिलकर बीरेंद्र की हत्या कर दी और शव को झाड़ी में छुपा दिया.

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश भुइयाँ, अजय भुइयाँ, राजनाथ भुइयाँ और सीताराम भुइयाँ के रूप में हुई है. सभी आरोपी भंडरिया थाना क्षेत्र के रोदो गांव के निवासी हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल एक बाइक भी बरामद की है.

    भंडरिया थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया है. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार



    Related News