गिरिडीह (GIRIDIH): शादी का नाम सुनते ही बैंड बाजा, ढोल शहनाई, मिठाई और गाजे बाजे की तस्वीर सामने आती है. पर गिरीडीह जिले में हुई इस शादी का नज़ारा कुछ और ही था, जहां शादी समारोह ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया. जमुआ थाना क्षेत्र के बेरहबाद गांव में आयोजित इस विवाह समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गप्पई गांव से बारात बेरहबाद गांव पहुंची थी. पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात का स्वागत किया गया और वरमाला की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान लड़की पक्ष की ओर से यह आग्रह किया गया कि मंच पर दूल्हे के साथ सीमित संख्या में, केवल पांच लोग ही जाएं. इस बात को लेकर लड़का पक्ष के कुछ लोग नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
धीरे-धीरे यह बहस उग्र होती गई और कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई. शादी का माहौल, जो कुछ ही देर पहले तक खुशियों से भरा था, अचानक तनाव और भय में बदल गया. मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इस झड़प में चार लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान कमल दास (35 वर्ष), कारु दास (24 वर्ष), दलेश्वर दास (21 वर्ष) और सनोज कुमार दास (29 वर्ष) के रूप में की गई है. सभी घायल गप्पई गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और बारात पक्ष से जुड़े हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना के कारण कुछ समय के लिए शादी समारोह बाधित हो गया और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

