NEET UG 2026 परीक्षा आज, 22.79 लाख छात्र होंगे शामिल, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    NEET UG 2026 परीक्षा आज, 22.79 लाख छात्र होंगे शामिल, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    रांची (RANCHI): देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 आज आयोजित की जा रही है. इस बार परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है, जहां करीब 22.79 लाख छात्र इसमें शामिल हो रहे हैं. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यह परीक्षा न केवल प्रतिस्पर्धा के लिहाज से अहम है, बल्कि इसके संचालन में सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.

    परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है और यह एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी. परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक का समय दिया गया है. इसके बाद किसी को भी एंट्री की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा पेन-एंड-पेपर मोड में होगी. वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त एक घंटे की सुविधा दी गई है, जिससे वे शाम 6 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे.

    इस वर्ष परीक्षा का दायरा पहले से ज्यादा व्यापक हो गया है. देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में कुल 5,432 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है. इसमें 674 सिटी कोऑर्डिनेटर, 6,000 से अधिक ऑब्जर्वर और लगभग 2 लाख स्टाफ शामिल हैं.

    NTA ने छात्रों को निर्देश दिया है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके. देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं. पुरुष अभ्यर्थियों को हल्के और आरामदायक कपड़े जैसे ट्राउजर या जींस पहनने की सलाह दी गई है,

    साथ ही चप्पल पहनने को कहा गया है. जूते पहनने से बचने को कहा गया है। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए लेगिंग या ट्राउजर के साथ साधारण सैंडल पहनना अनिवार्य किया गया है, इसके अलावा किसी भी तरह का हैंडबैग, पर्स, टोपी, मफलर या सिर ढकने वाली वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है. यहां तक कि मेहंदी लगाने से भी बचने की सलाह दी गई है, ताकि बायोमेट्रिक प्रक्रिया में कोई दिक्कत न हो.

    छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए NTA ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। यदि कोई अभ्यर्थी तनाव या दबाव महसूस करता है, तो वह 14416 या 1-800-891-4416 पर संपर्क कर सकता है. NEET UG 2026 एक बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली परीक्षा है, जिसमें सफलता पाने के लिए छात्रों को पूरी तैयारी के साथ शामिल होना होगा.



    Related News