नगर निकाय चुनाव: 27 फरवरी को ट्रांसपोर्ट नगर में होगी मतगणना, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    नगर निकाय चुनाव: 27 फरवरी को ट्रांसपोर्ट नगर में होगी मतगणना, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    रांची (RANCHI): राजधानी के 53 वार्डों और बुद्ध नगर पालिका चुनाव की मतगणना 27 फरवरी को कराई जाएगी. इस बार प्रशासन ने मतगणना केंद्र को पंडरा की जगह ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित किया है. नए केंद्र को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है. पूरे परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. 

    मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के लिए विशेष सीसीटीवी लाइव मॉनिटरिंग कक्ष बनाया गया है. यहां तीन एलसीडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से वे स्ट्रॉन्ग रूम की सीधी निगरानी कर सकते हैं. हालांकि फिलहाल ये सभी स्क्रीन बंद हैं. 

    स्ट्रॉन्ग रूम में सभी बैलेट बॉक्स सुरक्षित रखे गए हैं. आने वाले प्रत्याशियों और एजेंटों की एंट्री रजिस्टर में दर्ज करने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है. पुलिस प्रशासन हर वार्ड के एजेंट और उम्मीदवार का विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज कर रहा है. 

    पहली बार ट्रांसपोर्ट नगर को मतगणना केंद्र बनाए जाने पर कई प्रत्याशियों ने इसे सकारात्मक कदम बताया है. उनका कहना है कि पंडरा की तुलना में यहां पार्किंग की बेहतर सुविधा है और क्षेत्र अपेक्षाकृत शांत होने के कारण व्यवस्था अधिक सुगम रहेगी.



    Related News