त्योहार पर मातम: देवघर जा रही कार पेड़ से भिड़ी, ससुर-बहू की मौत, चार गंभीर

    Mourning on the festival: Car going to Deoghar collided with a tree, father-in-law and daughter-in-law died, four seriously injured |त्योहार पर मातम: देवघर जा रही कार पेड़ से भिड़ी, ससुर-बहू की मौत, चार गंभीर

    देवघर (DEOGHAR): महाशिवरात्रि के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. पूजा-अर्चना के लिए जा रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया, जब उनकी तेज रफ्तार कार चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. हादसा चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबूटिया मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 8 बजे हुआ.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना में 70 वर्षीय कृष्णनंदन सिंह और उनकी 48 वर्षीय पुत्रवधू रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कार में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है.

    बताया जा रहा है कि जहानाबाद जिले के सिकंदरा प्रखंड स्थित धधोर गांव से एक ही परिवार के छह सदस्य देवघर दर्शन के लिए निकले थे. बसबूटिया मोड़ के पास अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ा. टक्कर के बाद कार के अंदर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

    घायलों की पहचान ललन कुमार सिंह, प्रिया भारती, खुशबू भारती और 10 वर्षीय गणेश के रूप में हुई है. सभी को गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    सूचना मिलते ही चंद्रमंडी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

    प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन असंतुलित हुआ. चालक भी घायल है और उसके बयान का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस ने कार जब्त कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है.



    Related News