पलामू में अफीम की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, 6 एकड़ में लगी पोस्ता फसल नष्ट

    Major crackdown on illegal opium cultivation in Palamu; 6 acres of poppy crop destroyed |पलामू में अफीम की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, 6 एकड़ में लगी पोस्ता फसल नष्ट

    पलामू (PALAMU): जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 11 फरवरी 2026 को मनातू थाना क्षेत्र के ग्राम करमा और गरवट के जंगली इलाके में वन भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम/पोस्ता की फसल को नष्ट कर दिया गया.

    जानकारी के अनुसार, करीब 6 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी. संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी फसल को विनष्ट कर दिया. इस अभियान में मनातू थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवानों के साथ वन विभाग के अधिकारी भी शामिल थे.

    पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की घेराबंदी कर अवैध फसल को काटकर नष्ट किया गया. अधिकारियों का कहना है कि वन भूमि का दुरुपयोग कर मादक पदार्थों की खेती करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

    फिलहाल इस अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है. वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वन वाद दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

    पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध खेती के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध अफीम या अन्य मादक पदार्थों की खेती की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें.



    Related News