जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए झारखंड उत्पाद विभाग ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी कड़ी में राज्य के पूर्वी सिंहभूम जिले के बंगाल सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान कमलपुर थाना क्षेत्र के गोलकाटा और बोड़ाम थाना क्षेत्र के डूंगरीडीह एवं दामोदरपुर गांव में संचालित कुल 4 अवैध चुलाई शराब भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.
800 किलो जावा नष्ट किया गया
अभियान के दौरान टीम ने करीब 800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया. इसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था. इसके अलावा लगभग 35 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई. उत्पाद विभाग के नुसार अवैध शराब सीमावर्ती क्षेत्रों के रास्ते पश्चिम बंगाल में खपाने की तैयारी में थी. खासकर चुनाव के दौरान इसकी मांग बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई.
संचालक भाग निकले
इधर, छापेमारी की भनक लगते ही भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गए. उन्होंने घने जंगल और दुर्गम इलाके का फायदा उठाकर उत्पाद टीम को चकमा दे दिया.फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
इस पूरे मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उत्पाद विभाग का कहना है कि चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.


