सीएम के निर्देश पर चतरा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, एयर एंबुलेंस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के दिए आदेश


चतरा (CHATRA): चतरा के पास चार्टर एयर एंबुलेंस विमान दुर्घटना में सात लोगों की दर्दनाक मौत के बाद राज्य सरकार सक्रिय हो गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी रातों-रात करीब 400 किलोमीटर की यात्रा कर चतरा पहुंचे और सदर अस्पताल व घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की, जिसमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला विमानन सुरक्षा मानकों, स्टैंडर्ड फ्लाइट ऑपरेशन प्रोसीजर (SOP) और एयरवर्थिनेस प्रमाणन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की टीम तकनीकी जांच के लिए रवाना हो चुकी है. ब्लैक बॉक्स को बरामद कर तकनीकी खामी, खराब मौसम, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संवाद रिकॉर्ड, मेंटेनेंस लॉग और सर्विस हिस्ट्री की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी.
स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित चार्टर कंपनी के विमान पंजीकरण, एयरवर्थिनेस सर्टिफिकेट, डीजीसीए के नियमों के अनुपालन, मेंटेनेंस शेड्यूल, ऑपरेशनल क्लियरेंस और पायलट के उड़ान अनुभव की गहन जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही, मानवीय भूल या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
उन्होंने इस घटना को गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि चार्टर और गैर-निर्धारित उड़ानों की सुरक्षा ऑडिट और निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की आवश्यकता है. मंत्री ने यह भी कहा कि यदि राज्य में अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, रिम्स-2 परियोजना, समर्पित ट्रॉमा सेंटर और मजबूत एयर एंबुलेंस आधारित क्रिटिकल केयर ढांचा विकसित होता तो गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की जरूरत कम होती. उन्होंने झारखंड में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस पहल करने का भरोसा दिलाया.
डॉ. अंसारी ने विपक्ष से भी स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास में सहयोग की अपील की और कहा कि यह हादसा उन्हें व्यक्तिगत रूप से मर्माहत कर गया है. राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता व मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा. निरीक्षण के दौरान स्थानीय सांसद, विधायक, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे.
4+