गुमला : पालकोट में बड़ा सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बस, एक दर्जन से ज्यादा यात्री थे सवार

    गुमला : पालकोट में बड़ा सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बस, एक दर्जन से ज्यादा यात्री थे सवार

    गुमला (GUMLA): जिले के पालकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगरू गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गुमला से सिमडेगा की ओर जा रही मोनू बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई. दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों के सिर में चोट लगी है.

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और बंगरू गांव के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया. देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए.

    घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पालकोट उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों ने कुछ यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

    हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर सड़क को फिर से चालू कराया. फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है. घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.



    Related News