JPSC की परीक्षाओं में गड़बड़ी पर सख्त हुए राज्यपाल, जांच के दिए आदेश

    JPSC की परीक्षाओं में गड़बड़ी पर सख्त हुए राज्यपाल, जांच के दिए आदेश

    रांची(RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में सामने आ रही लगातार त्रुटियों ने अब बड़ा मुद्दा खड़ा कर दिया है. अभ्यर्थियों के भविष्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए राज्यपाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है और आयोग से जवाब मांगा है.

    झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर अब लोकभवन ने कड़ा रुख अपनाया है राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए JPSC के अध्यक्ष को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है. हाल ही में आयोजित सहायक वन संरक्षक (ACF) मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में प्रश्न पत्र और उत्तर में पाई गई गलतियों का उल्लेख किया गया है.

    राज्यपाल ने साफ तौर पर कहा है कि इस तरह की लापरवाही सीधे तौर पर अभ्यर्थियों के भविष्य को प्रभावित करती है. प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के करियर की दिशा तय करती हैं, ऐसे में प्रश्न पत्र या उत्तर कुंजी में त्रुटियां न केवल उम्मीदवारों के साथ अन्याय हैं, बल्कि परीक्षा प्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं. उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए इसे बेहद गंभीर विषय बताया है.

    लोकभवन की ओर से निर्देश दिया गया है कि इन सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. जांच के आधार पर यह तय किया जाएगा कि इन गलतियों के लिए कौन जिम्मेदार है. दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए.

    इसके साथ ही राज्यपाल ने JPSC को परीक्षा प्रक्रिया में सुधार करने की सख्त हिदायत दी है. उन्होंने कहा है कि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है. परीक्षा प्रणाली में सुधार लागू कर अभ्यर्थियों का भरोसा दोबारा कायम करना बेहद जरूरी है.

    यह मामला सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के बीच भी नाराजगी देखी जा रही है. लगातार हो रही त्रुटियों ने आयोग की साख को प्रभावित किया है. ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में परीक्षा प्रणाली को कितना पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा सकता है.



    Related News