दुमका: नारी शक्ति वंदन विधेयक पर सियासत तेज, भाजपा ने विपक्ष को घेरा

    दुमका: नारी शक्ति वंदन विधेयक पर सियासत तेज, भाजपा ने विपक्ष को घेरा

    दुमका (DUMKA): जिले में महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति बंधन विधेयक को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाता नजर आ रहा है. लोकसभा में विधेयक पारित नहीं होने के मुद्दे पर भाजपा विपक्षी दलों पर आक्रामक रुख अपनाए हुए है. सड़क से लेकर सदन तक पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है.

    सांसद ढुल्लू महतो का विपक्ष पर हमला

    इसी क्रम में बुधवार को धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो दुमका पहुंचे. परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन के घटक दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर विपक्ष का रवैया निराशाजनक रहा है.

    सर्वदलीय बैठक के बाद भी विरोध का आरोप

    सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति बंधन विधेयक 2026 को सर्वदलीय बैठक के बाद लोकसभा में पेश किया गया, इसके बावजूद इंडिया गठबंधन के दलों ने इसका विरोध किया. उनके अनुसार यह महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ एक कदम है.

    भाजपा ने खुद को बताया ‘आधी आबादी’ का समर्थक

    उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए गठबंधन हमेशा महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में खड़े रहे हैं. आधी आबादी  के सम्मान और भागीदारी को सुनिश्चित करना भाजपा की प्राथमिकता है, जबकि विपक्ष की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है.

    चुनावी वादों पर उठाए सवाल

    सांसद ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के दलों ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं को सशक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन व्यवहार में वे इससे पीछे हट गए. उन्होंने कहा कि यदि यह विधेयक सर्वसम्मति से पारित हो जाता, तो राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होती.

    भाजपा का संकल्प और चुनावी संकेत

    उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक नारी शक्ति बंधन विधेयक पारित नहीं हो जाता, भाजपा चैन से नहीं बैठेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर देश की महिलाएं विपक्ष को जवाब देंगी. पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी.



    Related News