Jharkhand Budget 2026: पाकुड़ के हिरणपुर में महिला कॉलेज की मांग तेज, विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा में उठाया मुद्दा

    Jharkhand Budget 2026: पाकुड़ के हिरणपुर में महिला कॉलेज की मांग तेज, विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा में उठाया मुद्दा

    पाकुड़ (PAKUR): लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा सत्र के शून्यकाल में पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड में महिला महाविद्यालय खोलने की मांग उठाई. उन्होंने सदन में कहा कि पूरे लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में छात्राओं के लिए अलग से कोई महिला कॉलेज उपलब्ध नहीं है, जिसकी वजह से कई लड़कियों को उच्च शिक्षा से वंचित होना पड़ता है. विधायक ने बताया कि कॉलेज की सुविधा नहीं होने से बड़ी संख्या में छात्राएं मैट्रिक या इंटर के बाद पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती हैं.

    हेमलाल मुर्मू ने यह भी कहा कि हिरणपुर प्रखंड में महिला महाविद्यालय की स्थापना के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है. ऐसे में यदि सरकार पहल करे तो यहां जल्द ही कॉलेज खोला जा सकता है. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और बेटियों को उच्च शिक्षा का अवसर देने के लिए इस दिशा में शीघ्र निर्णय लिया जाए.

    विधायक ने कहा कि महिला कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र की युवतियों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी. 

    रिपोर्ट : विकास कुमार



    Related News