BREAKING: इस होटल में कबाब के साथ शबाब का भी इंतज़ाम ? छापेमारी में कई जोड़े आपत्तिजनक हालत में पकड़ाए

    BREAKING: Did this hotel serve kebabs and other sexual favors? Several couples were caught in compromising positions during a police raid | पुलिस की छापेमारी में कई जोड़े आपत्तिजनक हालत में हुए गिरफ्तार

    धनबाद (DHANBAD): जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत मान सिंह करवा मुरना स्थित ‘आश्रय’ होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित ग्रामीणों ने होटल का घेराव कर कतरास–बाघमारा मुख्य मार्ग को कई घंटों तक जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

    ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब छह महीनों से होटल की आड़ में सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था. उनका कहना है कि प्रतिदिन युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल में चल रही कथित गतिविधियों का असर स्कूल और कॉलेज के छात्रों पर भी पड़ रहा था. इस संबंध में पूर्व में पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई.

    शुक्रवार को गुस्साए ग्रामीणों ने एकजुट होकर होटल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क जाम कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. पुलिस ने होटल संचालक को हिरासत में ले लिया है. इसके अलावा होटल परिसर से आधा दर्जन युवक-युवतियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए बाघमारा महिला थाना भेजा गया है.

    पुलिस ने होटल से तीन मोटरसाइकिल, कुछ दस्तावेज, एक लैपटॉप और जेरॉक्स मशीन जब्त की है. आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका.

    ग्रामीणों की मांग है कि होटल को तत्काल सील किया जाए और संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे, क्षेत्र में सामाजिक वातावरण सामान्य नहीं हो पाएगा.

    इस मामले में कतरास थाना प्रभारी आसित कुमार ने बताया कि होटल में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पहले भी मिली थी और जांच की गई थी. उस समय रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच में सब कुछ सामान्य पाया गया था. हालांकि, ताजा घटनाक्रम के बाद संचालक और कुछ युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है. सभी की उम्र का सत्यापन किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को भी दे दी गई है.

    फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार



    Related News