साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी. भोगनाडीह गेट के पास एक मेडिकल दुकान के नजदीक बदमाशों ने बाइक की डिक्की तोड़कर करीब 2 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिए और फरार हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, झरबेरी बरहेट निवासी सीएसपी संचालक नवीनकांत कुमार मंडल अपने स्टाफ राजा कुमार साह के साथ बैंक से 2.70 लाख रुपये निकालकर दवा खरीदने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने अपनी बाइक दुकान के बाहर खड़ी कर दी और अंदर चले गए. इसी दौरान पहले से घात लगाए एक बदमाश ने मौका देखकर बाइक की डिक्की का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी निकाल ली.
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने में दो अपराधी शामिल थे. जैसे ही पहला बदमाश पैसे लेकर बाहर निकला, दूसरा साथी मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा और दोनों तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए. पीड़ित ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपियों की हरकतें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर नुनुदेव राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी नकदी के साथ यात्रा करते समय सतर्क रहें और वाहन में पैसे छोड़कर न जाएं.
रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर


