बोकारो ट्रेजरी घोटाला: 50 लाख के ट्रांजेक्शन का हुआ बड़ा खुलासा, पुलिस एएसआई अशोक गिरफ्तार

    बोकारो ट्रेजरी घोटाला: 50 लाख के ट्रांजेक्शन का हुआ बड़ा खुलासा, पुलिस एएसआई अशोक गिरफ्तार

    बोकारो (BOKARO): अवैध वेतन निकासी और ट्रेजरी घोटाले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में तैनात एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को बुधवार को रांची स्थित सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया.

    जांच में सामने आया है कि एएसआई अशोक भंडारी का संबंध इस मामले में पहले से गिरफ्तार मुख्य लेखापाल कौशल कुमार पांडेय से था. सीआईडी की छानबीन के दौरान यह अहम खुलासा हुआ कि कौशल पांडेय के बैंक खाते से अशोक भंडारी के खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे, जिससे दोनों के बीच गहरे आर्थिक संबंधों की पुष्टि होती है. एसआईटी की जांच में यह भी पाया गया है कि सरकारी राशि के गबन के लिए कई अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया. जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2020 से अब तक बोकारो ट्रेजरी से 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी की गई है, जिसे विभिन्न खातों के जरिए अंजाम दिया गया.

    अशोक भंडारी पर आरोप है कि वह इस पूरे घोटाले में सक्रिय रूप से शामिल था और अवैध निकासी की प्रक्रिया में सहयोग कर रहा था. सीआईडी अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पैसों के लेन-देन के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. यह मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है. जांच एजेंसी का कहना है कि जल्द ही इस घोटाले से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.



    Related News