साहिबगंज: गंगा नदी से दो सगे भाइयों का शव बरामद,गांव में पसरा मातम

    साहिबगंज: गंगा नदी से दो सगे भाइयों का शव बरामद,गांव में पसरा मातम
    साहिबगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव के रहने वाले दो मासूम भाइयों का शव गंगा नदी से बरामद

    साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव के रहने वाले दो मासूम भाइयों का शव गंगा नदी से बरामद किया गया है. मृतकों की पहचान 8 वर्षीय आर्यन कुमार और 6 वर्षीय राघव कुमार के रूप में हुई है. दोनों बच्चे गुरुवार दोपहर से घर से लापता थे.

    परिजनों के अनुसार, गुरुवार की दोपहर दोनों बच्चे घर से बाहर खेलने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान गंगा नदी के किनारे बच्चों की चप्पल और कपड़े पड़े होने की जानकारी मिली. परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उन सामानों की पहचान अपने बच्चों की बताई.

    घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से गंगा नदी में जाल डालकर बच्चों की तलाश शुरू की. हालांकि रात में अंधेरा होने के कारण बच्चों का पता नहीं चल सका और सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा.

    शुक्रवार सुबह गंगा नदी में एक बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने काफी प्रयास के बाद दूसरे बच्चे का शव भी नदी से बरामद कर लिया.

    घटना की खबर फैलते ही गंगा तट पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. दोनों मासूमों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मां प्रियंका देवी, पिता सेंटू चौरसिया और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं. . पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.

    रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर 

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news