दुबई में तनाव के बीच झारखंड के लगभग 100 लोग फंसे, सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार

    दुबई में तनाव के बीच झारखंड के लगभग 100 लोग फंसे, सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मध्य पूर्व में हाल में हुए हमलों के बाद दुबई का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद होने के कारण झारखंड के करीब सौ लोग वहीं फंस गए हैं. ये सभी एक निजी कंपनी के कॉर्पोरेट टूर पर संयुक्त अरब अमीरात गए थे, लेकिन अचानक बिगड़े हालात के चलते उनकी वापसी रुक गई. फिलहाल वे होटल में ठहरे हुए हैं और स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं.

    जानकारी के अनुसार यह दल झारखंड के विभिन्न जिलों, रांची, जमशेदपुर, पलामू, गिरिडीह, चतरा और खूंटी से गया था. समूह में कंपनी के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि उनके परिजन भी शामिल थे. जो यात्रा अवकाश और आपसी मेलजोल का अवसर थी, वही अब चिंता और असमंजस में बदल गई है.

    फंसे हुए लोगों में से रांची के एक शख्स ने सुरक्षा कारणों से अपनी पहचान उजागर किए बिना एक वीडियो साझा किया. वीडियो में होटल की बालकनी से दूर धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं. उन्होंने बताया कि उनकी वापसी 28 तारीख को अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से तय थी, लेकिन हमलों के बाद हवाई सेवाएं रोक दी गईं. बाद में उन्हें दुबई लाकर एक होटल में ठहराया गया. उनका कहना है कि होटल परिसर के भीतर सुरक्षा व्यवस्था है, मगर बाहरी घटनाओं की खबरों से भय का वातावरण बना हुआ है.

    इधर झारखंड में परिजन लगातार संपर्क में हैं और सरकार से त्वरित पहल की मांग कर रहे हैं. फंसे हुए लोगों ने भी केंद्र सरकार से सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने की अपील की है. अब सभी की नजरें सरकारी प्रयासों पर टिकी हैं, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस लाया जा सके.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news