धनबाद में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 15 करोड़ के अवैध संपत्ति मामले में रिटायर्ड जमादार गिरफ्तार

    Dhanbad, Jharkhand
    धनबाद में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 15 करोड़ के अवैध संपत्ति मामले में रिटायर्ड जमादार गिरफ्तार

    धनबाद (DHANBAD): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एसीबी की धनबाद इकाई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक सेवानिवृत्त जमादार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालेेश्वर सिंह (63) के रूप में हुई है. उन्हें हीरापुर स्थित उनके आवासीय परिसर से देर रात हिरासत में लिया गया.

    15 करोड़ की संपत्ति का आरोप
    एसीबी अधिकारियों के अनुसार जांच में यह सामने आया कि लालेेश्वर सिंह ने अपनी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक, लगभग 15 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की. शिकायत मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की गई. प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई.

    2016 से चल रही थी जांच
    मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले की पड़ताल वर्ष 2016 से जारी थी. फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई थी. सितंबर 2020 में जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई. इसके बाद जनवरी 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. हाल ही में जांच पूरी होने के बाद एसीबी टीम ने छापेमारी कर आवश्यक दस्तावेज जुटाए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

    मेडिकल जांच के बाद अस्पताल में भर्ती
    गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेडिकल जांच के लिए एसएनएमएमसीएच ले जाया गया. बताया गया कि उन्हें पहले से बीपी और शुगर की समस्या है. जांच के दौरान उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया, जिसके बाद उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    पूर्व केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में रह चुके हैं तैनात
    सूत्रों के अनुसार लालेेश्वर सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा की सुरक्षा गार्ड के रूप में भी तैनात रह चुके हैं. इस वजह से मामला और अधिक चर्चा में आ गया है. एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. विभाग का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा..

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news