कोडरमा(KODARMA): जिले से एक ऐसी खबर सामने आई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. स्कूल में पढ़ने गया एक मासूम बच्चा अचानक लापता हो गया और कुछ ही देर बाद उसका शव पानी से भरे गड्ढे में मिला. इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल है.
यह घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की है. मृतक की पहचान विकास साव के 10 साल के बेटे विनय कुमार उर्फ सागर के रूप में हुई है, जो कक्षा 4 का छात्र था. सागर रोज की तरह सुबह स्कूल गया था, लेकिन लंच के बाद वह अचानक गायब हो गया.
काफी देर तक बच्चे के नजर नहीं आने पर स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर बच्चे की तलाश शुरू की. आसपास के तालाब, कुएं और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चल पाया.
खोज के दौरान स्कूल के पीछे स्थित खेत में बने एक पानी से भरे गड्ढे में सागर का शव तैरता हुआ मिला. ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. इस घटना के बाद मृतक के परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. बताया गया कि स्कूल में करीब 162 बच्चों पर सिर्फ चार शिक्षक हैं, जिससे बच्चों की निगरानी ठीक से नहीं हो पाती.
बच्चे के पिता ने कहा कि अगर स्कूल में सही तरीके से ध्यान दिया जाता, तो उनका बेटा आज जिंदा होता. उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. वहीं ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

