HEALTH POST: यूटीआई से परेशान, महिलाओं में तेजी से बढ़ रही यह समस्या, जानें बचाव के आसान उपाय

    HEALTH POST: यूटीआई से परेशान, महिलाओं में तेजी से बढ़ रही यह समस्या, जानें बचाव के आसान उपाय

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK):  यूरिनरी ट्रैक इन्फेक्शन यानी यूटीआई आज के समय में महिलाओं के बीच तेजी से बढ़ती एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है, जो भले ही जानलेवा न हो, लेकिन इसकी परेशानी बेहद तकलीफदेह होती है. पेशाब के दौरान जलन, बार-बार यूरिन आने की समस्या और पेट के निचले हिस्से में दर्द जैसे लक्षण रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकते हैं. कई बार महिलाएं इसे नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है. समय रहते इसके लक्षणों को पहचानना, सही इलाज लेना और कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना इस संक्रमण से बचने के लिए बेहद जरूरी है.

    यूरिनरी ट्रैक इन्फेक्शन, जिसे सामान्य रूप से यूटीआई कहा जाता है, जो बैक्टीरिया के कारण होता है. यह संक्रमण यूरिनरी सिस्टम के किसी भी हिस्से जैसे किडनी, ब्लैडर, अन्य संबंधित अंगों को प्रभावित कर सकता है. हालांकि यह समस्या किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है, लेकिन महिलाओं में इसके मामले अधिक देखने को मिलते हैं.

    महिलाओं का यूरेथ्रा पुरुषों की तुलना में छोटा होता है, जिससे बैक्टीरिया को ब्लैडर तक पहुंचने में कम समय लगता है. यही वजह है कि संक्रमण तेजी से फैल सकता है. इसके अलावा, लंबे समय तक पेशाब रोककर रखना भी इस समस्या को बढ़ावा देता है. जब पेशाब को देर तक रोका जाता है, तो ब्लैडर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और इससे उसकी कार्यक्षमता प्रभावित होती है, जिससे संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है.

    कुछ अन्य स्थितियां भी यूटीआई के खतरे को बढ़ा सकती हैं, जैसे डायबिटीज, गर्भावस्था या साफ-सफाई में लापरवाही. इन परिस्थितियों में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे बैक्टीरिया का संक्रमण आसानी से हो सकता है.

    इस संक्रमण से पीड़ित व्यक्ति को पेशाब करते समय जलन और दर्द महसूस होता है. बार-बार पेशाब आने जैसा महसूस होता है, लेकिन हर बार पूरी तरह से नहीं हो पाता. गंभीर स्थिति में पेशाब के साथ खून भी आ सकता है. इसके अलावा पेट के निचले हिस्से या कमर में दर्द, मिचली आना और हल्का बुखार जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं. इन संकेतों को नजरअंदाज करना सही नहीं है, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर संक्रमण बढ़ सकता है.

    यूटीआई के लिए डॉक्टर आमतौर पर यूरिन टेस्ट कराते हैं. इसमें मरीज के पेशाब का नमूना लेकर उसमें बैक्टीरिया की मौजूदगी की जांच की जाती है. यदि संक्रमण की पुष्टि होती है, तो डॉक्टर एंटीबायोटिक दवाएं देते हैं. दवा लेने के एक-दो दिन के भीतर लक्षणों में सुधार दिखाई देने लगता है, लेकिन दवा का पूरा कोर्स लेना जरूरी होता है.

    जो महिलाएं बार-बार यूटीआई से परेशान रहती हैं, उन्हें कुछ खास सावधानियां अपनानी चाहिए. सबसे महत्वपूर्ण है पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, ताकि शरीर से बैक्टीरिया बाहर निकल सके. पेशाब को कभी भी लंबे समय तक न रोकें. यदि आप किसी प्रकार की गर्भनिरोधक दवा का उपयोग कर रही हैं, तो उसके बारे में डॉक्टर को जरूर बताएं, क्योंकि कुछ दवाएं इस समस्या को बढ़ा सकती हैं.

    खान-पान का भी इस समस्या से गहरा संबंध है. अत्यधिक मसालेदार भोजन से परहेज करना चाहिए. इसके बजाय विटामिन-सी से भरपूर फल जैसे नींबू, संतरा और मौसमी का सेवन लाभकारी होता है, क्योंकि ये बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं. इसके अलावा सूती कपड़े पहनना और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है. घर के शौचालय की साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए.

    यूटीआई को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है. अगर समय पर इलाज नहीं किया गया, तो यह संक्रमण किडनी तक फैल सकता है और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है. इसलिए जैसे ही लक्षण दिखाई दें, तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और उचित उपचार शुरू करें. सही जानकारी और सावधानी के साथ इस समस्या से बचाव पूरी तरह संभव है.



    Related News