टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आज के दौर में सिर्फ डिग्री ही नहीं, बल्कि हुनर भी सफलता की कुंजी बन चुका है. ऐसे में लोगों का झुकाव सरकारी नौकरी की ओर अभी भी कम नहीं हुआ है. अब अगर आप भी सरकारी नौकरी की आस में हैं तो ये खबर आपके बड़े काम की है. सरकारी नौकरी की रेस में एक ऐसा कोर्स भी है जिससे आपका यह सपना आसानी से साकार हो सकता है. दरअसल इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट यानी ITI उन युवाओं के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो कम समय में स्किल सीखकर नौकरी पाना चाहते हैं. ITI करने के बाद न केवल प्राइवेट सेक्टर बल्कि सरकारी विभागों में भी रोजगार के कई दरवाजे खुल जाते हैं. खास बात यह है कि इन नौकरियों में स्थिरता, अच्छी सैलरी और भविष्य की सुरक्षा भी मिलती है.
ITI पास उम्मीदवारों के लिए भारतीय रेलवे एक बड़ा नियोक्ता है. यहां फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर जैसे तकनीकी पदों पर समय-समय पर भर्तियां निकलती रहती हैं. रेलवे की नौकरी में वेतन के साथ यात्रा भत्ता, मेडिकल सुविधा और अन्य सरकारी लाभ भी मिलते हैं, जो इसे और आकर्षक बनाते हैं. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) के माध्यम से भी ITI उम्मीदवार विभिन्न पदों पर आवेदन कर सकते हैं. मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) और कई तकनीकी पदों के लिए ITI योग्यता मान्य होती है. इन नौकरियों में काम का दबाव अपेक्षाकृत कम होता है और पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.
सरकारी कंपनियां, जिन्हें पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU) कहा जाता है, ITI पास युवाओं के लिए अच्छे अवसर प्रदान करती हैं. BHEL, ONGC और GAIL जैसी कंपनियों में टेक्नीशियन और ट्रेड अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती होती रहती है. यहां बेहतर वेतन के साथ करियर ग्रोथ के भी अच्छे अवसर मिलते हैं. देश की सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए ITI एक मजबूत आधार बन सकता है. Indian Army, Indian Navy और Indian Air Force में टेक्निकल पदों पर ITI पास उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाती है.
यहां ट्रेड्समैन, मैकेनिक और स्टोर कीपर जैसे पदों पर भर्ती होती है.हर राज्य में बिजली विभाग, जल संसाधन विभाग और PWD जैसे विभागों में ITI उम्मीदवारों के लिए अवसर मौजूद रहते हैं. इन नौकरियों के लिए समय-समय पर नोटिफिकेशन जारी होते हैं, जिन पर नजर रखना जरूरी है. ITI में दाखिला लेने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है. राज्य स्तर पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया होती है, जिसके बाद मेरिट या काउंसलिंग के जरिए सीट आवंटित की जाती है. अगर आप जल्दी नौकरी पाना चाहते हैं और एक स्थिर करियर की तलाश में हैं, तो ITI आपके लिए एक मजबूत और व्यावहारिक विकल्प साबित हो सकता है.

