टीएनपी डेस्क (TNP DESK): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं के छात्रों के लिए एक अहम घोषणा की है. जिन छात्रों को अपने हालिया बोर्ड रिजल्ट से संतुष्टि नहीं मिली या जिन्हें किसी विषय में कंपार्टमेंट आया है, उनके लिए बोर्ड ने सेकेंड बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है. यह परीक्षा छात्रों को अपने अंकों में सुधार करने का एक बेहतरीन अवसर देगी.
बोर्ड के अनुसार, यह विशेष परीक्षा 15 मई 2026 से शुरू होकर 21 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है. हर पेपर की अवधि तीन घंटे की होगी, जिसमें छात्र पूरे समय में प्रश्नों को हल कर सकेंगे.
यह दूसरा मौका मुख्य रूप से दो तरह के छात्रों के लिए है. पहला, वे छात्र जिन्हें एक या दो विषयों में कंपार्टमेंट मिला है और उन्हें पास होने के लिए दोबारा परीक्षा देनी है. दूसरा, वे छात्र जो परीक्षा में पास तो हो गए हैं, लेकिन अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं और बेहतर स्कोर के लिए इम्प्रूवमेंट परीक्षा देना चाहते हैं.
CBSE द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 15 मई को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) की परीक्षा होगी. इसके बाद 16 मई को इंग्लिश (कम्युनिकेटिव और लैंग्वेज एंड लिटरेचर) का पेपर आयोजित किया जाएगा. 18 मई को साइंस, 19 मई को हिंदी (कोर्स A और B), संस्कृत, विभिन्न क्षेत्रीय भाषाएं, संगीत, गृह विज्ञान और रिटेल विषयों की परीक्षा होगी. 20 मई को पेंटिंग, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के पेपर लिए जाएंगे. अंतिम दिन 21 मई को सोशल साइंस की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
इस पहल से उन छात्रों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश अपने प्रदर्शन से खुश नहीं थे. यह मौका न सिर्फ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, बल्कि भविष्य के बेहतर अवसरों का रास्ता भी खोलेगा.


