NEET UG 2026 एडमिट कार्ड जारी: 3 मई को होगी परीक्षा, ऐसे करें डाउनलोड

    NEET UG 2026 एडमिट कार्ड जारी: 3 मई को होगी परीक्षा, ऐसे करें डाउनलोड

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने NEET (UG) 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. अब अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने लॉगिन विवरण की मदद से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी इसी दस्तावेज में उपलब्ध होगी, इसलिए इसे ध्यानपूर्वक जांचना बेहद जरूरी है.

    NEET (UG) 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई, रविवार को किया जाएगा. परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र भी साथ रखें.

    एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग टाइम, परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है. ऐसे में छात्रों को चाहिए कि वे इसे डाउनलोड करने के बाद सभी विवरणों को ध्यान से पढ़ें और किसी भी गलती की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें.

    यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी होती है, तो वे NTA की हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा उम्मीदवार अपनी समस्या ईमेल के माध्यम से भी साझा कर सकते हैं.

    एजेंसी ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट्स पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें. परीक्षा से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट के लिए नियमित रूप से NTA की आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहें, ताकि किसी महत्वपूर्ण सूचना से चूक न हो.



    Related News