सनकी आशिक बना हैवान, इकतरफा प्यार में प्रेमिका पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

    दुमका (DUMKA): झारखंड की उपराजधानी दुमका से मानवता को झकझोरने वाली एक घटना सामने आयी है. इकतरफा प्यार में सनकी आशिक ने एक युवती पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. गंभीर अवस्था में युवती का फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. इस मामले में आरोपी आशिक शाहरुख हुसैन को हिरासत में लिया गया है. मामला नगर थाना क्षेत्र के जरूवाडीह गांव की है.

    क्या है मामला

    इस घटना के बारे में जानकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे. मंगलवार की सुबह दुमका नगर थाना क्षेत्र के जरूवाडीह में सिरफिरे आशिक शाहरुख हुसैन ने लोमहर्षक घटना को अंजाम दिया. इकतरफा प्यार में आशिक ने एक युवती पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी. घटना को अंजाम उस वक्त दिया गया जब युवती अपने कमरे में सोई थी. खिड़की से पेट्रोल छिड़क कर आशिक ने आग लगा दी. गम्भीर अवस्था में युवती को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलने पर कार्यपालक दंडाधिकारी चन्द्रजीत सिंह और एसडीपीओ नूर मुस्तफ़ा हॉस्पिटल पहुंच कर पीड़िता से पूछताछ कर रहे हैं.  

    शाहरुख ने दी थी जान से मारने की धमकी

    12वीं कक्षा की पीड़ित छात्रा के घर वालों का कहना है कि पड़ोस के शाहरुख नाम का एक युवक पिछले कुछ दिन से युवती को परेशान कर रहा था. उसने कहीं से उसका मोबाइल नंबर जुगाड़ कर लिया था और लगातार फोन कर दोस्ती करने की बात कह रहा था. युवती ने जब इनकार कर दिया तो शाहरुख ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर मेरा कहा नहीं मानोगी तो मैं तुम्हें मार डालूंगा. मंगलवार की सुबह शाहरुख पेट्रोल लेकर पहुंचा और इस घटना को अंजाम दी.

    जांच में जुटी पुलिस

    वहीं मामले की जांच करने पहुंचे दुमका एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी ने बताया कि मामला इकतरफा प्यार का है और शाहरुख ने युवती को जलाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया गया है. इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

    उपराजधानी में बढ़ा अपराध का ग्राफ

    दुमका में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. मनचले आशिक कहे या फिर हवस के पुजारी, लगातार इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं. दो दिन पूर्व ही जारमुंडी थाना क्षेत्र की एक नक़बालिग को ऑटो चालक से गंतव्य स्थल तक पहुंचाने के बहाने ऑटो पर बैठाया और सुनसान स्थल पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. विरोध करने और ऑटो चालक ने बेरहमी से लाठी से पिटाई कर नाबालिग का एक पैर तोड़ दिया. बेहोसी की हालत में उसे सड़क किनारे फेंक दिया, जिसका इलाज फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. शहर में लगातार हो रहे अपराध के बाद अब सवाल उठता है कि आखिर कहां जा रहा है हमारा समाज. इस तरह के घृणित कार्य करने वाले हवस के पुजारी को आखिर कानून का भय क्यों नहीं सताता.

     

    रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news