टीएनपी डेस्क(TNP DESK):हिंदू धर्म में बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित होता है. लोग इस दिन बुद्धि, विवेक और सुख-समृद्धि के लिए भगवान गणेश की पूजा अर्चना करते है. माना जाता है कि बुधवार के दिन कुछ ऐसे काम जिसको करने से परेशानियाँ आती है. जीवन में बाधाएं बढ़ सकती है और बने-बनाए काम भी बिगड़ सकते हैं. इसलिए इस दिन कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी माना गया है.
इन कामों से करें परहेज
मान्यताओं के मुताबिक बुधवार के दिन किसी को अपशब्द बोलने, झूठ बोलने या किसी का अपमान करने से बचना चाहिए. ऐसा करने से भगवान गणेश नाराज हो सकते है और व्यक्ति को मानसिक तनाव व आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा बुधवार के दिन लेन-देन में भी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. मान्यता है कि इस दिन बिना सोच-विचार के पैसा उधार देना या लेना शुभ नहीं माना जाता.
यात्रा करने से भी परहेज
कई लोग बुधवार को यात्रा करने से भी परहेज करते है, खासकर पश्चिम दिशा की यात्रा को शुभ नहीं माना गया है. हालांकि जरूरी काम होने पर भगवान गणेश की पूजा कर यात्रा शुरू करने की सलाह दी जाती है. वहीं इस दिन हरे रंग का विशेष महत्व बताया गया है. बुधवार को हरे वस्त्र धारण करना और मूंग दाल, हरी सब्जियों या हरे फल का दान करना शुभ माना जाता है.
जरूरतमंदों की सहायता करने से शुभ फल की प्राप्ति
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बुधवार के दिन गणेश मंत्रों का जाप करने और जरूरतमंदों की सहायता करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है. कहा जाता है कि इस दिन सच्चे मन से भगवान गणेश की पूजा करने पर जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है.

