International

दक्षिण कोरिया से नाराज ट्रंप का बड़ा फैसला, संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती का आदेश

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास को कम करने का आदेश दिया है. ट्रंप ने पेंटागन से कहा है कि इस अभ्यास के दायरे में बड़ी कटौती की जाए. उन्होंने इसके पीछे दक्षिण कोरिया की ओर से ईरान के मुद्दे पर सहयोग नहीं मिलने और उत्तर कोरिया को गलत संदेश जाने का कारण बताया है.

दक्षिण कोरिया से क्यों नाराज हुए ट्रंप?

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने हाल ही में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से ईरान को परमाणु हथियारों से दूर रखने की अमेरिकी कोशिशों में सहयोग मांगा था. ट्रंप के मुताबिक दक्षिण कोरिया ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया.

इसके बाद ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले सैन्य अभ्यास पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ये अभ्यास काफी महंगे हैं और उत्तर कोरिया को दुश्मनी का संदेश देते हैं. ट्रंप का कहना है कि अभ्यास को पूरी तरह रद्द करने के लिए अब काफी देर हो चुकी है. इसलिए उन्होंने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ को इसका स्तर काफी कम करने का निर्देश दिया है.

18 हजार दक्षिण कोरियाई सैनिक लेने वाले हैं हिस्सा

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच यह संयुक्त सैन्य अभ्यास 11 दिनों तक चलना है. इसमें करीब 18 हजार दक्षिण कोरियाई सैनिकों के शामिल होने की योजना है. इसका उद्देश्य उत्तर कोरिया से पैदा होने वाले संभावित खतरों से निपटने की तैयारी को मजबूत करना है.

इस अभ्यास में लाइव फायर ट्रेनिंग, सटीक निशाना लगाने, संयुक्त सैन्य अभियान, सैन्य उपकरणों के इस्तेमाल और मुश्किल इलाकों में अभियान चलाने जैसी गतिविधियां शामिल हैं. अमेरिकी सेना का कहना है कि इसका मकसद दोनों देशों के सैन्य गठबंधन और आपसी तालमेल को मजबूत करना है.

किम जोंग उन ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन पहले ही इस सैन्य अभ्यास की आलोचना कर चुके हैं. उन्होंने इसे हमले की तैयारी जैसा बताया और अमेरिका तथा दक्षिण कोरिया के खिलाफ जवाबी कदम उठाने की चेतावनी दी.

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर कोरिया ने फिर से बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण शुरू किए हैं. हाल में दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान ने उत्तर कोरिया की ओर से कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण का पता लगाया था.

सऊदी-तुर्की-पाकिस्तान समझौते पर ट्रंप ने जताई खुशी

इसी बीच ट्रंप ने सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के बीच हुए नए रक्षा समझौते की तारीफ की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे सकारात्मक कदम बताया और तीनों देशों के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर खुशी जाहिर की.