टीएनपी डेस्क(TNP DESK): ओमान के तट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज को लेकर शनिवार को अचानक हलचल मच गई. खबरें सामने आने लगीं कि मार्शल आइलैंड के झंडे वाले मालवाहक जहाज 'लियाकी फ्रीडम' पर हमला हुआ है और इसमें चार भारतीय नाविकों की मौत हो गई है. इस जानकारी के सामने आते ही समुद्री क्षेत्र से जुड़े लोगों और भारतीय नागरिकों के बीच चिंता बढ़ गई.
हालांकि कुछ ही घंटों बाद भारत सरकार ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया और स्थिति स्पष्ट कर दी. विदेश मंत्रालय ने कहा कि जहाज पर किसी प्रकार का हमला नहीं हुआ है और उस पर मौजूद सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सरकार ने सीधे जहाज के मास्टर यानी कप्तान से संपर्क किया था. कप्तान ने पुष्टि की कि जहाज पूरी तरह सुरक्षित है और सभी क्रू सदस्य सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जहाज पर हमले और भारतीय नागरिकों की मौत से जुड़ी खबरें तथ्यात्मक रूप से गलत हैं. इसके साथ ही सरकार ने लोगों से अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की.
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत जहाज से संपर्क टूटने की खबर के बाद हुई. फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया ने जानकारी दी थी कि जहाज के वीएचएफ रेडियो सिस्टम से संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है. संपर्क न होने की वजह से कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गईं. कुछ लोगों ने इसे संभावित हमले से जोड़कर देखना शुरू कर दिया, जिसके बाद अफवाहों का दौर तेज हो गया.
बाद में यूनियन ने जहाज की लोकेशन ट्रैक कर ली और यह साफ हो गया कि जहाज सुरक्षित है. इसके बावजूद हमले और नाविकों की मौत से जुड़ी खबरें तेजी से फैलती रहीं. यही वजह रही कि सरकार को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी.
हाल के दिनों में ओमान की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास सुरक्षा हालात को लेकर चिंता बढ़ी हुई है. इस क्षेत्र में कई व्यावसायिक जहाजों को सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. कुछ दिन पहले तेल टैंकर एमटी सेत्तेबेलो पर हुए मिसाइल हमले में भारतीय नाविकों की मौत की घटना ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी थी. उस घटना के बाद समुद्री मार्गों पर काम करने वाले भारतीय कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं.
इसी पृष्ठभूमि में लियाकी फ्रीडम को लेकर सामने आई खबरों ने लोगों का ध्यान तेजी से खींचा. हालांकि विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. सरकार के अनुसार जहाज पर मौजूद सभी भारतीय और अन्य चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. फिलहाल लियाकी फ्रीडम पर किसी हमले या चार भारतीयों की मौत की खबर की कोई पुष्टि नहीं हुई है और इसे महज अफवाह बताया गया है.
