☰
International

विदेश : 22 नवंबर को भारत आएंगे नेपाल के PM बालेन शाह, PM मोदी से होगी मुलाकात, 19 हजार करोड़ की मदद पर पर होगी बात

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह जल्द ही भारत दौरे पर आने वाले हैं. 22 नवंबर को होने वाली उनकी इस यात्रा पर दोनों देशों की नजरें टिकी हैं. खास बात यह है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह का यह पहला विदेश दौरा होगा. हालांकि, उनका भारत में रुकने का कार्यक्रम काफी छोटा है. वे दिल्ली में करीब 25 घंटे बिताएंगे. इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम बैठक होगी. माना जा रहा है कि इस मुलाकात में आर्थिक मदद से लेकर रेलवे, बिजली, हवाई मार्ग और बाढ़ प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.

मोदी और बालेन शाह के बीच होगी अकेले में बातचीत

बालेन शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की नियमित फ्लाइट से दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली पहुंचेंगे. अगले दिन यानी 23 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे वे नेपाल लौट जाएंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह के बीच करीब 30 मिनट की अकेले में बैठक हो सकती है.

नेपाल के अखबार द काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, पहले इस दौरे को 22 से 25 नवंबर तक रखने की तैयारी थी, लेकिन बाद में इसे छोटा कर दिया गया. दौरे की तैयारियों को लेकर नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और भारत में नेपाल के राजदूत सुधाकर दलेला के बीच भी बातचीत हुई है.

नेपाल को भारत से 19 हजार करोड़ की उम्मीद

इस दौरे का सबसे अहम मुद्दा आर्थिक मदद माना जा रहा है. नेपाल भारत से करीब 2 अरब डॉलर यानी लगभग 19 हजार करोड़ रुपये का पैकेज चाहता है. इसमें 1 अरब डॉलर कर्ज और 50 करोड़ डॉलर अनुदान के रूप में मांगे गए हैं. वहीं, बाकी 50 करोड़ डॉलर बाढ़ से प्रभावित इलाकों को दोबारा खड़ा करने के लिए मांगे गए हैं.

दरअसल, नेपाल में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के आसपास आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ था. कई सड़कें, पुल, बिजली परियोजनाएं और घर तबाह हो गए थे. बड़ी संख्या में लोगों का रोजगार भी प्रभावित हुआ. नेपाल अब इन इलाकों में सड़क और पुलों की मरम्मत के साथ जरूरी सुविधाएं बहाल करना चाहता है.

हवाई रास्तों को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला

नेपाल लंबे समय से भारत से कुछ नए हवाई रास्ते खोलने की मांग कर रहा है. इनमें महेंद्रनगर, नेपालगंज, भैरहवा और जनकपुर के रास्ते शामिल हैं. नेपाल चाहता है कि इन रास्तों से उसके विमानों को दूसरे देशों तक जाने में आसानी हो.

इससे पोखरा और भैरहवा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने में मदद मिल सकती है. साल 2018 में भारत ने महेंद्रनगर हवाई रास्ते को लेकर सहमति जताई थी, लेकिन ऊंचाई से जुड़ी शर्तों के कारण बड़े यात्री विमान इसका इस्तेमाल नहीं कर पाए. अब इस मुद्दे पर दोबारा बातचीत होने की उम्मीद है.

अयोध्या और जनकपुर के बीच चलेगी ट्रेन

भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है. दोनों देश अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. करीब 604 किलोमीटर लंबे इस रूट पर हर शनिवार जनकपुर से ट्रेन चलाने और सोमवार को अयोध्या से वापसी की योजना है.

इसके अलावा नेपाल जयनगर-जनकपुर रेल सेवा को बर्दीबास तक बढ़ाना चाहता है. रक्सौल से काठमांडू तक नई रेल लाइन बनाने का प्रस्ताव भी बातचीत का हिस्सा हो सकता है.

बिजली और पेट्रोलियम पाइपलाइन पर भी नजर

नेपाल भारत को हर साल 1,650 मेगावाट से ज्यादा बिजली बेचने की अनुमति चाहता है. साथ ही वह भारत के रास्ते बांग्लादेश को बिजली निर्यात भी बढ़ाना चाहता है. फिलहाल नेपाल बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली बेच रहा है. इसके लिए दोनों देशों के बीच बिजली ट्रांसमिशन की क्षमता बढ़ाने पर बात हो सकती है.

इसके अलावा नेपाल मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन को चितवन तक बढ़ाने का प्रस्ताव रख सकता है. सिलिगुड़ी से नेपाल के झापा जिले तक नई पाइपलाइन बनाने की योजना पर भी चर्चा संभव है. दोनों देश इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर भी बातचीत कर सकते हैं.

कुल मिलाकर, बालेन शाह का यह छोटा सा भारत दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. अब देखना होगा कि इस मुलाकात से नेपाल को आर्थिक मदद और कनेक्टिविटी के मुद्दों पर कितनी सफलता मिलती है.