☰
International

यूक्रेन युद्ध खत्म कराने को लेकर पीएम मोदी का मास्टरप्लान, जानिए पुतिन ने क्यों की जमकर तारीफ

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा है कि मोदी लगातार यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की बात करते हैं. पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी जब भी उनसे मिलते हैं, बातचीत के दौरान युद्ध रोकने और शांति का रास्ता निकालने का मुद्दा जरूर उठाते हैं.

मॉस्को में वाल्दाई फोरम के दौरान पुतिन ने कहा कि नरेंद्र मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद वह हर बार युद्ध खत्म करने की बात करते हैं. पुतिन के मुताबिक, मोदी जल्द से जल्द युद्ध खत्म करने के पक्ष में हैं और इसके लिए उनके पास कुछ अच्छे सुझाव भी हैं.

कई मौकों पर युद्ध का मुद्दा उठा चुके हैं मोदी

यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था और अब तक इसे खत्म करने के लिए कई स्तरों पर बातचीत की कोशिशें हो चुकी हैं. भारत ने भी लगातार बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने की बात कही है.

पीएम मोदी अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई बार यूक्रेन युद्ध का मुद्दा उठा चुके हैं. पिछले महीने भी मोदी और पुतिन के बीच बातचीत हुई थी. इस दौरान पुतिन ने उन्हें यूक्रेन की मौजूदा स्थिति और युद्ध खत्म करने के लिए चल रही कोशिशों की जानकारी दी थी.

इससे पहले क्रेमलिन के स्पीकर दिमित्री पेस्कोव ने भी कहा था कि रूस भारत की किसी भी शांति पहल का स्वागत करेगा. रूस का कहना है कि भारत और रूस दोनों बातचीत और कूटनीति के जरिए विवादों को सुलझाने के पक्ष में हैं.

भारत की विविधता की भी तारीफ

वाल्दाई फोरम में पुतिन ने भारत की संस्कृति और विविधता की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारत का आकार और वहां की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता काफी खास है.

पुतिन ने बताया कि पीएम मोदी ने उन्हें भारत की करीब 1.5 अरब की आबादी और यहां बोली जाने वाली अलग-अलग भाषाओं के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने कहा कि इतनी विविधता के बावजूद भारत के लोग एक साथ रहते हैं.

पुतिन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कुछ ऐसा खास है, जिससे दुनिया सीख सकती है. अलग-अलग भाषा, संस्कृति और पहचान रखने वाले लोग अपनी विविधता को बनाए रखते हुए एक साथ कैसे रह सकते हैं, भारत इसका उदाहरण है.

रूस पर हमला हुआ तो जवाब देने की चेतावनी

इसी दौरान पुतिन ने यूरोप को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि रूस की यूरोप के किसी देश पर हमला करने की कोई योजना नहीं है. हालांकि, अगर रूस के किसी इलाके पर हमला किया जाता है तो देश अपनी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी हथियारों का इस्तेमाल करेगा.

पुतिन ने पश्चिमी देशों पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश रूस के साथ संभावित युद्ध की तैयारी की बात कर रहे हैं. साथ ही बाल्टिक सागर में सैन्य गतिविधियां बढ़ाई जा रही हैं और रूसी जहाजों को जब्त करने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं.

पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस की ओर से NATO को लेकर भी कड़ी चेतावनी दी गई है. मॉस्को ने कहा है कि अगर NATO के किसी देश की ओर से रूस के कलिनिनग्राद इलाके को बाकी रूस से अलग करने की कोशिश की गई तो रूस अपनी सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठा सकता है.