International

कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले से बढ़ा तनाव, खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मिडल ईस्ट में एक बार फिर तनाव खतरनाक मोड पर पहुंच गया है, कुवैत पर हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. हमलों के दौरान कई इलाकों में सायरन बजाए गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई. कुवैत की सेना और वायु रक्षा प्रणाली ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आने वाले खतरों को रोकने की कार्रवाई शुरू की.

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच कई सैन्य घटनाएं सामने आई हैं, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि ताजा हमले ने क्षेत्र में चल रहे संघर्ष को और जटिल बना दिया है.

इसके साथ ही कुवैत की सेना ने कहा कि उसकी वायु रक्षा इकाइयों ने संदिग्ध मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई की, हमलों के बाद कई जगहों पर विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया. हालांकि अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सरकारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.

इस घटना के बाद कुवैत सरकार ने इसे अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया है, देश की सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी भवनों, सैन्य ठिकानों और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

विश्लेषकों का कहना है कि यदि क्षेत्र में तनाव इसी तरह बढ़ता रहा तो इसका असर केवल मध्य पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा. खाड़ी क्षेत्र दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्रों में से एक है, यहां किसी भी बड़े सैन्य टकराव का प्रभाव अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार, व्यापार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. पहले भी क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई है.

दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति को शांत करने की कोशिशों में जुटा हुआ है. कई देशों ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है. हालांकि जमीनी हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और किसी भी नई सैन्य कार्रवाई से हालात और बिगड़ सकते हैं. फिलहाल कुवैत में सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं और संभावित खतरों से निपटने के लिए तैयार हैं. वहीं दुनिया की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में यह तनाव कम होगा या फिर मध्य पूर्व एक बड़े संघर्ष की ओर बढ़ेगा.

 

रिपोर्ट- सौम्या शुक्ला