टीएनपी डेस्क (TNP DESK): इंडोनेशिया में रविवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया. 243 यात्रियों और क्रू मेंबर को लेकर जा रहा एक यात्री जहाज जावा सागर में डूब गया. हादसे के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अब तक 102 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. करीब 140 लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है. लापता लोगों की तलाश के लिए कई जहाजों के साथ एक हेलिकॉप्टर को भी लगाया गया है.
सुराबाया से बंजारमासिन जा रहा था जहाज
हादसे का शिकार हुए जहाज का नाम विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 बताया गया है. यह पूर्वी जावा के सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के बंजारमासिन की ओर जा रहा था.
सफर के दौरान अचानक जहाज का कम्युनिकेशन सिस्टम काम करना बंद कर गया. इसके बाद अधिकारियों का जहाज से संपर्क टूट गया. काफी कोशिश के बाद भी जब संपर्क नहीं हो पाया तो सर्च एंड रेस्क्यू टीम को इसकी जानकारी दी गई.
बंजारमासिन के सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के मुताबिक, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में मिली. यह जगह बंजारमासिन के एक पियर से करीब 148 किलोमीटर दूर बताई जा रही है.
कई जहाज और हेलिकॉप्टर तलाश में जुटे
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़े स्तर पर तलाश शुरू की गई. अलग-अलग जहाजों की मदद से अब तक 102 लोगों को बचाया जा चुका है. एक व्यक्ति का शव भी मिला है.
हालांकि, सबसे बड़ी चिंता उन करीब 140 यात्रियों और क्रू मेंबर को लेकर है, जिनका अभी तक कोई पता नहीं चला है. रेस्क्यू टीम जहाज की आखिरी लोकेशन और उसके आसपास के समुद्री इलाके में तलाश कर रही है. हेलिकॉप्टर की मदद से ऊपर से भी लापता लोगों को खोजा जा रहा है.
इंडोनेशिया में पहले भी हुए हैं बड़े समुद्री हादसे
इंडोनेशिया में यात्री जहाज और फेरी दुर्घटनाओं का लंबा इतिहास रहा है. 1981 में तंपोमास-2 नाम का यात्री जहाज जावा सागर में डूब गया था. उस हादसे में करीब 430 लोगों की जान चली गई थी.
साल 2006 में खराब मौसम के दौरान सेनोपाती नुसंतारा फेरी जावा सागर में डूब गई थी. इसमें 400 से ज्यादा लोग मारे गए या लापता हो गए थे. इसके अगले साल लेविना-1 फेरी में आग लगने के बाद वह डूब गई थी, जिसमें 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. 2018 में दक्षिण सुलावेसी के पास लेस्तारी माजू फेरी हादसे में भी 36 लोगों की जान गई थी.
फिलीपींस में भी हुआ था बड़ा फेरी हादसा
इंडोनेशिया की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब फिलीपींस में भी एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने की घटना हुई है. इसमें 76 लोगों की मौत और 13 लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है. फेरी में कुल 132 लोग सवार थे, जिनमें 43 लोगों को बचाया गया.
फिलीपींस भी हजारों द्वीपों वाला देश है, इसलिए वहां भी फेरी यातायात का बड़ा साधन है. फिलहाल इंडोनेशिया में पूरा फोकस लापता यात्रियों को खोजने पर है और समुद्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.