International

अमेरिका में भारतीय मूल के युवक ने मां-भाई को उतारा मौत के घाट, ChatGPT से बुना मौत का जाल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): अमेरिका के मैसाचुसेट्स में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां भारतीय मूल के 17 साल के लड़के पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद किशोर अपनी मां की कार लेकर घर से निकल गया था. रातभर उसकी तलाश की गई और अगले दिन सुबह उसे पकड़ लिया गया. मामले की जांच आगे बढ़ी तो उसकी इंटरनेट और ChatGPT एक्टिविटी को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई.

17 साल के अर्जुन पर मां और भाई की हत्या का आरोप

आरोपी की पहचान 17 साल के अर्जुन अरविंद के रूप में हुई है. वह मैसाचुसेट्स के एक्टन में रहता है और एक्टन-बॉक्सबोरो रीजनल हाई स्कूल का छात्र है.

पुलिस ने अर्जुन पर अपनी 45 साल की मां सुधा वेंकटेशन और 14 साल के छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप लगाया है. उसके खिलाफ हत्या के दो मामलों के अलावा मारपीट, बिना इजाजत गाड़ी चलाने और वाहन चोरी समेत कई दूसरे आरोप भी लगाए गए हैं.

घर में वारदात, फिर मां की कार लेकर निकला

जांच अधिकारियों का आरोप है कि मंगलवार को अर्जुन ने एक्टन के मार्था लेन स्थित अपने घर में मां और छोटे भाई पर जानलेवा हमला किया. इसके बाद वह अपनी मां की होंडा एकॉर्ड कार लेकर घर से निकल गया.

घटना के बाद काफी समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. शाम को जब एक ट्यूटर परिवार के घर पहुंची, तब धीरे-धीरे पूरा मामला सामने आया.

ट्यूटर के एक फोन से खुला मामला

मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे एक ट्यूटर तय समय पर परिवार के घर पहुंची थी. काफी कोशिश के बावजूद जब वह घर के अंदर नहीं जा सकी और किसी से संपर्क भी नहीं हुआ तो उसे शक हुआ.

इसके बाद ट्यूटर ने अर्जुन के पिता को फोन किया. उन्होंने भी पत्नी और बच्चों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. आखिर में उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और घर जाकर परिवार की खैर-खबर लेने को कहा.

घर पहुंची पुलिस तो मिले दो शव

पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो वहां अर्जुन की मां और छोटे भाई मृत मिले. अधिकारियों के मुताबिक, सुधा वेंकटेशन का शव घर के बेसमेंट में था, जबकि सिद्धार्थ पहली मंजिल पर मिला.

दोनों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं. हालांकि उनकी मौत की सही वजह क्या थी, इसे लेकर मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. वारदात में किसी हथियार का इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच चल रही है.

रातभर तलाश के बाद ऐसे पकड़ा गया अर्जुन

मां और भाई के शव मिलने के बाद पुलिस ने अर्जुन की तलाश तेज कर दी. वह घर पर नहीं था और उसकी मां की कार भी गायब थी.

बुधवार तड़के वेलैंड इलाके में पुलिस को एक पार्किंग लॉट में अलार्म की सूचना मिली. पुलिस वहां पहुंची तो उसे वही कार दिखाई दी, जिसकी तलाश की जा रही थी. अर्जुन भी वहीं मौजूद था. इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.

ChatGPT सर्च को लेकर सामने आई अहम जानकारी

जांच के दौरान अर्जुन की ऑनलाइन एक्टिविटी भी पुलिस की जांच का हिस्सा बनी. मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के मुताबिक, अर्जुन हाल के दिनों में चिंताजनक व्यवहार कर रहा था.

अधिकारियों का कहना है कि उसने इंटरनेट और ChatGPT पर परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक विचारों और ख्यालों के बारे में सर्च किया था. फिलहाल यह जांच का विषय है कि इन ऑनलाइन सर्च और कथित वारदात के बीच क्या संबंध था.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे वजह क्या थी और घर में उस दिन वास्तव में क्या हुआ था. मामले से जुड़े सबूतों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.