टीएनपी डेस्क (TNP DESK): फ्रांस में भीषण गर्मी और उमस ने हालात गंभीर बना दिए हैं. हालिया हीटवेव के दौरान देश में 2,025 अतिरिक्त मौतें दर्ज की गई हैं. स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार 22 से 28 जून के बीच मौतों का आंकड़ा पिछले सप्ताह की तुलना में 29 प्रतिशत बढ़ गया. सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर पड़ा है.
रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान फ्रांस में कुल 8,973 मौतें दर्ज की गईं. इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की रही, जिनकी मौत घरों, अस्पतालों और केयर होम में हुई. पेरिस क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल रहा, जहां मौतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई. घरों में होने वाली मौतों में भी भारी उछाल दर्ज किया गया.
तेज गर्मी के कारण अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हार्ट अटैक, किडनी की समस्या और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़े हैं. प्रशासन ने लोगों से दोपहर में बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की अपील की है.
विशेषज्ञों का कहना है कि यूरोप में गर्मी की लहरें अब पहले से ज्यादा खतरनाक होती जा रही हैं. जलवायु परिवर्तन को इसका बड़ा कारण माना जा रहा है. फ्रांस सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है.