टीएनपी डेस्क (TNP DESK): नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने कई इलाकों में गंभीर हालात पैदा कर दिए हैं. भोटेकोशी नदी के उफान का एक भयावह वीडियो सामने आया है, जिसमें पानी का सैलाब बेहद तेजी से बढ़ता दिखाई देता है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो हाइड्रोपावर से जुड़े एक कर्मचारी ने पुल पर खड़े होकर बनाया था. देखते ही देखते पानी पुल के करीब तक पहुंच गया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान की ओर भागना पड़ा.
राहत और बचाव में जुटे सुरक्षा बल
नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान के लिए सरकारी तंत्र और सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है. नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रमुख नारायण दत्त पौडेल ने बताया कि विभिन्न सुरक्षा निकाय आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं. उनके अनुसार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के स्तर पर भी रेस्क्यू ऑपरेशन को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर लगातार चर्चा की गई है. जरूरत को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी विचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मी कठिन परिस्थितियों में प्रभावित लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने में जुटे हैं.
चिलिमे हाइड्रोपावर में फंसे छह लोगों का दावा
इस आपदा के बीच रसुवा जिले के चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से जुड़ा एक मामला सामने आया है. एक महिला ने दावा किया है कि उनके पति इंजीनियर संतोष पांडे सहित छह लोग प्रोजेक्ट क्षेत्र में फंसे हुए हैं. महिला के मुताबिक, तीन दिन बीतने के बावजूद उन्हें अपने पति की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है.
पत्नी ने सरकार से लगाई रेस्क्यू की गुहार
महिला ने नेपाल सरकार और बचाव एजेंसियों से प्रभावित स्थान पर जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाने की अपील की है. उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि उनके पति और उनके साथ फंसे अन्य लोग सुरक्षित और जीवित हैं.
महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा कि परिवार को किसी भी तरह संतोष पांडे की सुरक्षित वापसी चाहिए. एक तरफ प्रशासन बड़े स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ आपदा में फंसे लोगों के परिजन अपने प्रियजनों की खबर और तत्काल मदद का इंतजार कर रहे हैं.
