International

BIG BREAKING: वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप से तबाही, अभी तक 32 की मौत, 700 से ज्यादा घायल, इमरजेंसी घोषित

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है. राजधानी काराकस के पश्चिमी क्षेत्र में एक मिनट के अंतराल पर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने लोगों को दहशत में डाल दिया. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, पहले 7.1 से 7.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जबकि इसके तुरंत बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया. भूकंप के कारण कई इमारतें और मकान ढह गए, जिससे बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंस गए. अब तक 32 लोगों की मौत और करीब 700 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल है और हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं.

यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित था. विशेषज्ञों और मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों में जान-माल का नुकसान और बढ़ सकता है. कई इलाकों में संचार व्यवस्था बाधित हो गई है, जबकि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. राहत एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. शुरुआती आकलनों में बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका जताई गई है और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दलों को पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है.

भूकंप के बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में राष्ट्रीय इमरजेंसी घोषित कर दी है. राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की. हालांकि सरकार ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है. सेना, पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियां युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सहायता, भोजन और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.