टीनपी डेस्क (TNP DESK): अमेरिका के फ्लोरिडा में प्लेन क्रैश होने की खबर सामने आई है. नौ लोगों को लेकर बहामास जा रहा एक बिजनेस जेट अचानक आसमान से नीचे गिरा और जमीन से टकराते ही आग के गोले में बदल गया. हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोगों को लगा मानो कोई मिसाइल आकर गिरी हो. सड़क से गुजर रहे कई वाहन चालकों ने इस घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया.
35 हजार फीट की ऊंचाई पर बिगड़ा मौसम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई. लियरजेट 60 नाम का यह विमान फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी स्थित ग्रीनएक्रस में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. इसी दौरान उसे खराब मौसम, तेज टर्बुलेंस और बर्फ जमने की समस्या का सामना करना पड़ा. इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा.
पायलट ने मांगी मदद
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग से हादसे के आखिरी पलों की जानकारी सामने आई है. पायलट ने शुरुआत में विमान पर हल्की बर्फ जमने और टर्बुलेंस की जानकारी दी थी. मौसम बिगड़ने पर उसने 2,000 फीट ऊपर जाने की अनुमति भी मांगी. हालात बिगड़ने पर पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए ‘मेडे, मेडे’ का संदेश दिया. उसने बताया कि विमान 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहा है. कुछ ही देर बाद यह रफ्तार बढ़कर 20 हजार फीट प्रति मिनट हो गई. पायलट ने आखिरी संदेश में कहा, ‘हम जमीन से टकराने वाले हैं.’
सड़क पर बना बड़ा गड्ढा, 600 लोगों को निकाला गया
हादसे के बाद घटनास्थल पर आग और काले धुएं का गुबार फैल गया. विमान के टकराने से सड़क किनारे बड़ा गड्ढा बन गया. फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने कहा कि जमीन पर मौजूद लोगों के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है. एहतियात के तौर पर पास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इलाके की सड़क भी बंद कर दी गई. फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है. मौसम विभाग के अनुसार, हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी और बाढ़ की चेतावनी भी जारी थी.
