टीनपी डेस्क (TNP DESK): थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेत से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए हैं. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आसपास की कई इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल विभाग की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
तेजी से फैली लपटें
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:17 बजे हुआ. फुकेत के पश्चिमी तट पर स्थित पातोंग के पास एक कस्बे में बनी कमर्शियल बिल्डिंग में अचानक आग लग गई. इस इमारत में वाहनों को किराए पर देने का कारोबार होता था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई इमारतों तक फैल गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. करीब दो घंटे तक लगातार अभियान चलाने के बाद आग पर काबू पाया जा सका. हालांकि, तब तक इस हादसे में भारी जान-माल का नुकसान हो चुका था.
हादसे में 11 की मौत, 16 लोग घायल
मीडिया ररिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अग्निकांड में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई है, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं. घायलों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
हादसे में कोई पर्यटक नहीं हुआ प्रभावित
इस घटना की एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि मृतकों और घायलों में कोई भी विदेशी पर्यटक शामिल नहीं है. जिस इलाके में आग लगी, वह पातोंग के नजदीक है. पातोंग फुकेत के सबसे लोकप्रिय समुद्री पर्यटन स्थलों में गिना जाता है. ऐसे में व्यस्त पर्यटन क्षेत्र के आसपास हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं. शुरुआती तौर पर आग फैलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. इस भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की अहमियत को सामने ला दिया है.
