टीएनपी डेस्क(TNP DESK): इंडोनेशिया से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक कैंडी फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 कर्मचारी लापता बताए जा रहे हैं. घटना के बाद से ही राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं. आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे के 12 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी फैक्ट्री में आग बुझाने और लापता लोगों की तलाश का काम जारी है.
जकार्ता के पास स्थित फैक्ट्री में लगी आग
यह हादसा इंडोनेशिया के बैंटन प्रांत के सेरांग जिले में हुआ. यहां स्थित 'पीटी फोनुसा आगुंग मुलिया' नाम की कैंडी फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लग गई. इस फैक्ट्री में मशहूर 'मिल्किता' (Milkita) ब्रांड की दूध से बनी कैंडी और दूसरे स्नैक्स तैयार किए जाते हैं.
आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया. तीन मंजिला इमारत से उठता काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था. हालात ऐसे हो गए कि फैक्ट्री के अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकालना बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बन गया.
36 कर्मचारियों की तलाश में जुटी टीमें
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के मुताबिक, हादसे के बाद से 36 कर्मचारी लापता हैं. बचाव दल क्षतिग्रस्त फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों में उनकी तलाश कर रहा है. वहीं, अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. इनमें से 4 कर्मचारी घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
बैंटन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अधिकारी रिजकी द्वियांतो ने बताया कि फैक्ट्री के कई हिस्सों में अभी भी आग लगी हुई है. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के साथ-साथ कूलिंग ऑपरेशन भी चला रहे हैं, ताकि दोबारा आग भड़कने का खतरा कम किया जा सके.
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में सेरांग जिले और बैंटन प्रांत की दमकल टीमें जुटी हुई हैं. इनके अलावा इंडोनेशियन रेड क्रॉस के सदस्य भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं.
तीसरी मंजिल पर कूलिंग यूनिट के पास लगी थी आग
फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है. अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं. यह भी साफ नहीं हुआ है कि आग लगने के वक्त सभी 36 लापता कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर मौजूद थे या नहीं. हालांकि, हादसे में सुरक्षित बचे कुछ कर्मचारियों का कहना है कि आग तीसरी मंजिल पर लगी एक कूलिंग यूनिट के पास से शुरू हुई थी.
फैक्ट्री की इमारत को भारी नुकसान
इस हादसे के बाद फैक्ट्री की हालत भी काफी खराब हो गई है. सामने आए वीडियो और तस्वीरों में पूरी तीन मंजिला इमारत आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है. आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है.
वहीं, आग बुझने के बाद की तस्वीरों में इमारत की जली हुई छत, मुड़े हुए लोहे और फर्श पर बिखरा मलबा देखा जा सकता है. फिलहाल बचाव दल की प्राथमिकता लापता कर्मचारियों को सुरक्षित तलाशना है. आग लगने के कारणों की जांच भी की जाएगी. इस हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में आग से बचाव और कर्मचारियों की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.