टीनपी डेस्क (TNP DESK): यूं तो कई नेताओं के अलग अलग वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिलते हैं. पर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने राजनीतिक हल्कों में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है. दरअसल एक भाजपा नेता के कथित वायरल वीडियो में देखा जा सकता है महफ़िल में भाजपा नेता बार बाला को अपनी गोद मे बैठा कर रंग जमा रहे हैं. इस दौरान पीछे से भोजपुरी गाने की धुन भी सुनाई दे रही है और महिला डांसर इस गाने पर भाजपा नेता की गोद में ठुमके लगा रही हैं.
मामला बिहार के नवादा जिले का है जहां वायरल वीडियो में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बताए जा रहे विनोद सिंह उर्फ भोली सिंह एक युवती को गोद में बैठाकर डांस करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और विपक्षी दलों ने भाजपा पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैलने लगा. वीडियो में कथित तौर पर विनोद सिंह उर्फ भोली सिंह के साथ कुछ अन्य लोग भी बैठे दिखाई दे रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि किसी कार्यक्रम या निजी आयोजन के दौरान यह वीडियो बनाया गया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है. वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत कई विपक्षी दलों ने भाजपा को निशाने पर लिया है. विपक्ष का आरोप है कि भाजपा सार्वजनिक मंचों पर “नारी शक्ति” और “महिला सम्मान” की बात करती है, लेकिन इस तरह की घटनाएं पार्टी के नेताओं के आचरण पर सवाल खड़े करती हैं.
सोशल मीडिया पर भी वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई यूजर्स इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग वीडियो की सत्यता और उसके पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की बात कह रहे हैं. फिलहाल इस पूरे मामले में भाजपा नेता विनोद सिंह उर्फ भोली सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं भाजपा संगठन ने भी अब तक इस वायरल वीडियो पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले को लेकर अभी तक किसी थाने में कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है. साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किस स्थान का है और किस कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड किया गया था. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. विपक्ष लगातार इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर हमलावर है, जबकि लोग अब पार्टी और संबंधित नेता की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.