मुंबई (MUMBAI): देश के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े तीन बदमाशों को एजेंसी ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से चाइना की हाई टेक पिस्टल बरामद की गई. जिसकी जांच तेज कर दी गई. चाइना मेड हथियार कैसे यहां तक पहुंचे और इसमें कितने कड़ी काम कर रहे थे. इसे डिकोड करने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. एजेंसी को आशंका है कि मुंबई में कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना थी.
बता दे कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने शहर में बड़ी वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन संदिग्ध गुर्गों को विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. अपराध शाखा की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने सीएसएमटी इलाके में शुक्रवार की देर रात विशेष ऑपरेशन चलाकर आरोपियों को दबोचा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गोलू उर्फ अरबाज (34) जसनप्रीत मंगल सिंह (24) और सुखविंदर (24) के रूप में हुई है. आरोपियों के पास से चीन में बनी तीन पिस्टल, मैगजीन और 45 कारतूस बरामद किए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मुंबई में हथियारों की डिलीवरी देने पहुंचे थे. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये हथियार किसे सौंपे जाने वाले थे और इनके निशाने पर कौन था.
आरोपियों का रहा है आपराधिक रिकार्ड
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त राजतिलक रौशन ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारियों के बाद हम हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं. आरोपी अरबाज के खिलाफ झालावाड़ में 19 मामले दर्ज हैं, जबकि जसनप्रीत और सुखविंदर पटियाला में वर्ष 2022 में हुए एक मर्डर केस में वांटेड हैं. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस के मामले में दर्ज हैं. तीनों आरोपियों को शनिवार को किला कोर्ट ने 25 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
खुफिया सूचना के बाद कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच को खुफिया सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से कुछ युवक अवैध हथियार लेकर दक्षिण मुंबई में आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने 22 मई की रात घेराबंदी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उनके बैग और कपड़ों से तीन विदेशी अत्याधुनिक पिस्टल, मैगजीन और 45 कारतूस बरामद हुए. एक अधिकारी ने बताया बरामद पिस्टल चाइना मेड है औऱ आधुनिक तकनीक वाली है,जिनका इस्तेमाल अक्सर संगठित अपराध और गैंगवार में किया जाता है. जांच एजेंसियों को शक है की आरोपी मुम्बई में किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे.