कैसे एक आम इंसान ने शुरू किया स्पेस टूरिज्म का नया दौर
TNP DESK : जब अंतरिक्ष यात्रा सिर्फ वैज्ञानिकों और प्रशिक्षित अंतरिक्ष यात्रियों तक सीमित थी तब किसी आम इंसान के लिए अंतरिक्ष में जाना सिर्फ एक सपना लगता था लेकिन साल 2001 में Dennis Tito ने इस सोच को बदल दिया और दुनिया को दिखा दिया कि अगर जुनून और संसाधन हों तो अंतरिक्ष भी दूर नहीं.
28 अप्रैल 2001
अमेरिका के एक निवेशक और इंजीनियर रहे डेनिस टीटो ने करीब 20 मिलियन डॉलर खर्च कर रूस के अंतरिक्ष कार्यक्रम के जरिए अंतरिक्ष की यात्रा की. 28 अप्रैल 2001 को वे Soyuz TM-32 से उड़ान भरकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन यानी International Space Station (ISS) पहुंचे वहां उन्होंने लगभग 8 दिन बिताए और सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए.
एक नए उद्योग स्पेस टूरिज्म की नींव
यह मिशन सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं था बल्कि इसने एक नए उद्योग स्पेस टूरिज्म की नींव रख दी. शुरुआत में इस कदम की काफी आलोचना भी हुई. NASA के कुछ अधिकारियों ने इसे जोखिम भरा बताया लेकिन टीटो के सफल मिशन ने सभी आशंकाओं को गलत साबित कर दिया.
टीटो के इस साहसिक कदम के बाद कई निजी कंपनियां अंतरिक्ष पर्यटन के क्षेत्र में उतर आईं. आज SpaceX, Blue Origin और Virgin Galactic जैसी कंपनियां आम लोगों को अंतरिक्ष यात्रा का मौका देने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं
मील का पत्थर
आज हालात ऐसे हैं कि करोड़ों रुपये खर्च करने वाले लोग कुछ मिनटों या घंटों के लिए ही सही लेकिन अंतरिक्ष का अनुभव ले पा रहे हैं. हालांकि यह अभी भी बेहद महंगा है लेकिन आने वाले समय में यह और सुलभ हो सकता है.
डेनिस टीटो की कहानी हमें यह सिखाती है कि नए रास्ते वही लोग बनाते हैं जो परंपराओं को चुनौती देने का साहस रखते हैं. एक “आम इंसान” का यह कदम आज पूरी दुनिया के लिए अंतरिक्ष के दरवाजे खोलने की दिशा में मील का पत्थर बन चुका है.