रांची (RANCHI): राजधानी रांची इन दिनों भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती की दोहरी मार झेल रही है. एक तरफ तापमान बढ़ने से लोगों का हाल बेहाल है, तो दूसरी ओर घंटों बिजली गुल रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. शहर के लोग दिन-रात बिजली संकट से परेशान हैं, लेकिन विभाग की ओर से हर बार मेंटेनेंस का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है.
स्थिति यह है कि रांची के कई इलाकों में रोजाना घंटों बिजली काटी जा रही है. खास बात यह है कि सिर्फ ग्रामीण या बाहरी इलाके ही नहीं, बल्कि राजधानी के पॉश इलाकों में भी बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. मोरहाबादी, अशोक नगर, हरमू, लालपुर, बरियातू, कांके रोड समेत कई इलाकों में लोग लगातार बिजली कटौती से जूझ रहे हैं. रात के समय बिजली चले जाने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है. बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं.
लोगों का कहना है कि बिजली विभाग हर बार “मेंटेनेंस कार्य” का बहाना बनाता है, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है. हैरानी की बात यह है कि शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर अंडरग्राउंड वायरिंग भी कराई गई थी ताकि आंधी-पानी और तेज हवा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो. लेकिन अब हालत यह है कि हल्की हवा चलने पर भी बिजली काट दी जाती है. इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.
व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. दुकानों और छोटे कारोबारों में बिजली नहीं रहने से कामकाज प्रभावित हो रहा है. वहीं घरों में पानी की समस्या भी बढ़ गई है, क्योंकि मोटर और पंप बिजली के बिना नहीं चल पा रहे हैं. इन्वर्टर जवाब दे रहे हैं और लोग रातभर गर्मी में जागने को मजबूर हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी बनने का दावा करने वाली राजधानी में अगर बिजली की ऐसी स्थिति रहेगी, तो विकास के दावे खोखले साबित होंगे. लोगों ने सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि गर्मी के इस मौसम में लोगों को राहत मिल सके.