सीतामढ़ी(SITAMADHI): बिहार के सीतामढ़ी में एक युवक को प्रेम प्रसंग में शादी करने की सजा मौत के रूप में मिली है. प्यार के दुश्मनों ने दोनों प्रेमी प्रेमिका को इतना पीटा कि इलाज के दौरान प्रेमी राजू राम ने दम तोड़ दिया. घटना सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव की है. मृतक नानपुर थानाक्षेत्र के छोटा भदियन वार्ड नंबर 4 का निवासी है. राजू राम पास के एक गांव की लड़की से बेइंतहा मोहब्बत करता था. लड़की के घर वाले इस प्यार के खिलाफ थे. इसी बीच दोनों ने घरवालों के खिलाफ अपनी मर्जी से शादी रचा ली. जिससे बौखलाए लड़की वालों के परिजनों ने दोनों को रतनपुरा में बुलाकर इतना पीटा की लड़के की मौत हो गई है. जब प्रेमी युगल को बाभन गाझी के पास पिटाई कर दोनों को अधमरे हालत में सड़क किनारे फेंक दिया था. सूचना के बाद लड़के के परिवार वालों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों प्रेमी युगल को अस्पताल में भर्ती कराया. जहां लड़की की जिंदगी तो बच गई. लेकिन प्रेमी राजू राम ने PMCH पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हालांकि इस वारदात में शामिल अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. राजू राम के मौत से परिवार में कोहराम मचा है और उसकी मां और प्रेमिका का रो रो कर बुरा हाल है.
