पटना (PATNA): रविवार की सुबह इस्तीफा देने वाले कृषि मंत्री सुधाकर सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. सुधाकर सिंह ने अपना इस्तीफा तेजस्वी यादव को भेजा था. आज देर शाम तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार से मिलकर उन्हें कृषि मंत्री का इस्तीफा सौंपा. नीतीश ने उसे स्वीकार करते हुए राज्यपाल फागू चौहान के पास भेज दिया.
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग का जिम्मा राजद के विधायक कुमार सर्वजीत को सौंपा
सीएम हाउस से दी गयी जानकारी में बताया गया है कि सुधाकर सिंह ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री को सौंपा था, जिसे नीतीश कुमार ने स्वीकार कर लिया. सीएम हाउस की ओर से कहा गया है कि सुधाकर सिंह अब मंत्री नहीं रहे. मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग का जिम्मा राजद के विधायक कुमार सर्वजीत को सौंपा है. कुमार सर्वजीत पहले पर्यटन विभाग देख रहे थे. उनसे पर्यटन विभाग वापस लेकर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के जिम्मे सौंप दिया गया है.
बता दें कि आज सुबह ही ये खबर आयी थी कि कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सुधाकर सिंह के पिता औऱ राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने इसकी पुष्टि की थी. जगदानंद सिंह ने कहा कि सुधाकर सिंह ने किसानों के लिए बड़ी लडाई छेड़ी औऱ इसके लिए त्याग करना पडता है. वैसे सूत्रों के हवाले से खबर ये आयी थी कि नीतीश कुमार को खुश करने के लिए तेजस्वी यादव ने सुधाकर सिंह से इस्तीफा लिया है.
