पटना(PATNA): केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को पटना दौरे पर थी. रविवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर लिखी पुस्तक ‘मोदी@20’ का लोकार्पण किया. लोकार्पण के दौरान अपने अभिभाषण में स्मृति ईरानी ने बिना नाम लिए इशारों-इशारों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि बार-बार इस प्रदेश में नरेंद्र मोदी पर उनके द्वारा कटाक्ष होता है, जिन्हें खुद सरकार बनाने के लिए सहारे की जरूरत पड़ती है. बार-बार कटाक्ष होता है, उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों द्वारा जिसको राष्ट्र ने सेवक के रूप में स्वीकार किया है. ये राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी ऐसे जिनके आचरण के बारे में प्रदेश में नहीं बल्कि देश में चर्चा होती है.
प्रधानमंत्री कई बन सकते हैं लेकिन प्रधानसेवक केवल एक हैं
उन्होंने कहा कि क्या बेगुनाहों का सड़कों पर खून बहना उन राजनीतिक प्रतिद्वंद्वीयो को दिखाई नहीं देता. उन्हें न कोई शोषित वंचित नज़र आता है, न ही उन्हें अपनी सम्मान के लिए लड़ रही महिला नज़र आती है. उन्हें नज़र आता है तो सिर्फ 2024 में कैसे सत्ता हथिआएं. उन्होंने कहा आज ऐसे महानुभावों से कहना चाहती हूं जो खुद सहारे की तलाश में हैं कि प्रधानमंत्री बनने की रेस में कई हों लेकिन प्रधानसेवक बनने की लालसा मात्र एक व्यक्ति में है और वो प्रधानसेवक फिर 2024 में परचम लहराएगा.