पटना(PATNA): आज 2 अक्टूबर है और आज के दिन देश में गांधी जयंती मनाई जाती है. इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का एक ऐसा वीडियो शेयर किया है जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में तेजस्वी यादव महात्मा गांधी की मूर्ति को अपने रुमाल से साफ़ करते दिख रहे हैं. दरअसल ये वीडियो उस वक्त का है जब तेजस्वी देश के वरिष्ठ नेताओं के साथ लंदन दौरे पर गए थे.
आरजेडी ने वीडियो शेयर कर लिखा है, विगत मई महीने में देश के वरिष्ठ नेताओं के साथ लंदन दौरे पर गए राजद नेता तेजस्वी यादव वेस्टमिंस्टर स्थित ब्रिटिश पार्लियामेंट में संवाद और संबोधन के बाद जब ब्रिटिश संसद के सामने पार्लियामेंट स्क्वायर में लगी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ऐतिहासिक कांस्य प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गए तो उन्होंने मूर्ति को गंदा पाया. ऐसा देख उनसे रहा नहीं गया और वो स्वयं अपने रुमाल से उसे साफ करने में जुट गए. तेजस्वी यादव की यह सोच उनकी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और गांधीवादी नीतियों में उनकी आस्था और श्रद्धा को दर्शाता है.
