टीएनपी डेस्क(TNP DESK):सनातन धर्म में रविवार का दिन खास माना जाता है क्योंकि रविवार का दिन भगवान सूर्य देव को समर्पित होता है.धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन किए गए कुछ खास उपाय जीवन की परेशानियों को दूर करने में मदद करते है. कहा जाता है कि सूर्य देव की कृपा से व्यक्ति को मान-सम्मान, सफलता और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है. अगर आपके जीवन में लगातार बाधाएं आ रही हैं या मन अशांत रहता है, तो रविवार के दिन कुछ आसान उपाय करना लाभकारी माना जाता है.
सूर्य देव को जल अर्पित करें
रविवार की सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें.तांबे के लोटे में पानी लेकर उसमें लाल फूल, अक्षत और थोड़ा सा रोली डालकर उगते सूर्य को अर्घ्य देना शुभ माना जाता है. जल चढ़ाते समय “ॐ सूर्याय नमः” मंत्र का जाप करने से सकारात्मक प्रभाव पड़ता है.
गुड़, गेहूं या लाल वस्त्र का दान
मान्यता है कि रविवार को जरूरतमंद लोगों को गुड़, गेहूं या लाल वस्त्र का दान करने से जीवन की कई परेशानियां दूर होती है. वहीं घर में सुख-शांति बनाए रखने के लिए इस दिन नमक का कम इस्तेमाल करना भी शुभ माना जाता है.अगर नौकरी या व्यापार में बाधाएं आ रही हैं तो रविवार को पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाना लाभकारी माना जाता है. इसके अलावा इस दिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और मानसिक तनाव कम होता है.
इन उपायों को करने से जीवन में सकारात्मक बदलाव
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नियमित रूप से रविवार के दिन सूर्य देव की पूजा और इन उपायों को करने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगते है. हालांकि किसी भी उपाय को पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ करना सबसे जरूरी माना गया है.