टीनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय रेलवे ने ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. गर्मी के मौसम में रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और टिकटों की भारी मारामारी को देखते हुए पूर्व रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है. यात्रियों की सुविधा और आरामदायक सफर के लिए हावड़ा और नई दिल्ली के बीच दो जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की गई है. इस फैसले से खास तौर पर झारखंड और पश्चिम बंगाल के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशनों जैसे दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में इन ट्रेनों का ठहराव दोनों दिशाओं में तय किया गया है. इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को सामान्य द्वितीय श्रेणी (General), शयनयान (Sleeper) और वातानुकूलित (AC) कोच की बेहतर सुविधा मिलेगी.
आपको बता दें, इस विशेष व्यवस्था के तहत पहली जोड़ी ट्रेन (04048) नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 28 मई 2026 को नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी. वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04047 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल बनकर 30 मई 2026 को रात 1:40 बजे हावड़ा से खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. इस रूट पर पड़ने वाले जामताड़ा जिले के नजदीकी स्टेशनों के यात्रियों के लिए यह ट्रेन राजधानी दिल्ली और कोलकाता जाने के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित होगी.
इसके तुरंत बाद रेलवे द्वारा दूसरी जोड़ी स्पेशल ट्रेन की भी शुरुआत की जा रही है. गाड़ी संख्या 04050 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 30 मई 2026 को शाम 6:15 बजे नई दिल्ली से खुलकर अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचेगी. वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04049 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल बनकर 1 जून 2026 को रात 1:40 बजे हावड़ा से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी. इन समर स्पेशल ट्रेनों के चलने से गर्मी की छुट्टियों में घर जाने वाले लोगों को कन्फर्म टिकट मिलने में काफी आसानी होगी.