TNP DESK: देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. ईंधन के दाम बढ़ने का सीधा असर लोगों के दैनिक खर्च पर पड़ रहा है. ताजा बढ़ोतरी में पेट्रोल 2.16 पैसे प्रति लीटर और डीजल 2.17पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. इसका असर झारखंड की राजधानी Ranchi समेत कई शहरों में देखने को मिल रहा है. नई कीमतों के अनुसार रांची में पेट्रोल 105.93 रुपये प्रति लीटर और डीजल 103.01 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
वहीं Patna में पेट्रोल की कीमत 113.35 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 110.47 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. इसके अलावा Jamshedpur और Dhanbad में भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यहां पेट्रोल करीब 105.35 रुपये प्रति लीटर और डीजल 102.62रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है. लगातार महंगे होते ईंधन से खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों और रोज वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं.
इससे पहले भी हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी. उस दौरान पेट्रोल लगभग 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3.14 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया था. अचानक बढ़ी कीमतों और सप्लाई प्रभावित होने की वजह से झारखंड के कई इलाकों में ईंधन की कमी की स्थिति भी बन गई थी. Ranchi समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिली थीं. कई जगहों पर पेट्रोल पंपों का स्टॉक खत्म हो गया था, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. हालात सामान्य होने में करीब चार दिन का समय लगा था.
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव का सीधा असर कच्चे तेल के बाजार पर पड़ रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर सीधे घरेलू उपभोक्ताओं पर दिखाई देता है. यही कारण है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. अगर वैश्विक हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है.