टीएनपी डेस्क (TNP DESK) : देश में भले ही बेटियों ने चांद छू लिया हो मगर आज भी कई ऐसे मानसिकता के लोग हैं जो बेटियों के जन्म को अभिशाप मानते हैं. कई महिलाओं को बेटी को जन्म देने पर प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. लोग बेटियों को बोझ समझते हैं. इसी बोझ से तले एक मां अपनी बेटी को अस्पताल में ही छोड़ने पर मजबूर हो गई. इस मां का दर्द सुन आप भी नम हो जाएंगे. इस महिला की स्थिति ने उसे मजबूर कर दिया कि वो अपनी नन्ही सी बेटी को अस्पताल में ही छोड़कर चली जाए. ससुराल की प्रताड़ना से परेशान महिला ने बेटी को अस्पताल में छोड़ लेटर लिख कर गायब हो गई. लोगों ने नवजात को बिलखते देखा तो उनके होश उड़ गए. वहीं फिलहाल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और बच्ची को अस्पताल में एडमिट कराया गया.
जमीन पर मिली नवजात
इस नवजात बच्ची की मां ने उसे अस्पताल परिसर के बाहर जमीन पर छोड़ दिया था. तभी आधी रात में एक व्यक्ति को बच्ची की रोने की आवाज आई. वह जोरों से रो रही थी. युवक ने जब उसे देखा तो उसके होश उड़ गए. जब वो उसके करीब गया तो बच्ची के पास कुछ कागज भी पड़े हुए थे. युवक ने बच्ची और उस कागज को लेकर अस्पताल के अंदर पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों से मिला और फिर उन्हे इस बात की जानकारी दी. फिलहाल बच्ची डॉक्टरों के निगरानी में है.
कागज में माँ ने बताया कारण
नवजात के पास से जो कागज मिला था उस पर लिखा हुआ था, ''मुझे 6 लड़की हो गई हैं, मेरी सास परेशान करती है, इसलिए यह कदम उठाया है, मेरी बेटी को पाल लो, तुम्हारा एहसान होगा, मुझे माफ कर दो.''
बच्ची की तबीयत स्थिर
डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची का जन्म तीन दिन पहले ही हुआ है. तत्काल डॉक्टरों ने बच्ची को वार्ड में एडमिट किया और उसका इलाज जारी है. राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण गर्मी के बावजूद बच्ची को कुछ नहीं हुआ. आवारा जानवरों से भी बच्ची बची रही. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर बाल कल्याण समिति के सदस्य भी वहां पहुंचे और रामवीर से पूरी बात जानी. जिसके बाद बच्ची की मां का पता लगाया जा रहा है.